श्मशान भूमि पर ‘सरकारी’ डाका, बिना अनुमति कटे हरे पेड़
जेई-एसडीओ पर गंभीर आरोप, ग्रामीणों ने सीएम पोर्टल पर की शिकायत
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। अलापुर थाना क्षेत्र के गांव उनौला में श्मशान भूमि पर हरे-भरे पेड़ों की कटान को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर बिना अनुमति पेड़ कटवाने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई है, जिससे प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मच गई है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव की श्मशान भूमि, गाटा संख्या-189, रकबा सादुलगंज, उनौला में बिजली लाइन शिफ्टिंग के नाम पर बिना किसी वैधानिक अनुमति के पेड़ों की कटाई कर दी गई। आरोप है कि इस कार्य में विद्युत विभाग के जेई विमल चंद्रा, एसडीओ शरद प्रताप और एक स्थानीय निर्माणकर्ता नीरज गुप्ता की मिलीभगत रही। ग्रामीणों का कहना है कि लाइन शिफ्टिंग के लिए तैयार किए गए स्टीमेट में भी अनियमितताएं बरती गईं और ग्राम सभा या संबंधित विभागों से कोई अनुमति नहीं ली गई।
इस घटना से नाराज ग्राम प्रधान समेत समस्त ग्रामीणों ने एकजुट होकर बिजली विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उनका कहना है कि श्मशान भूमि जैसी सार्वजनिक और संवेदनशील जगह पर इस तरह की मनमानी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ग्रामीणों ने आईजीआरएस के माध्यम से मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही आरोपित अधिकारियों के अभिलेखों की जांच कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और जेल भेजने की मांग की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। वहीं, इस पूरे मामले ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।





