श्रावण व कांवड़ यात्रा से पहले बेलाडान्डी घाट का निरीक्षण, डीएम-एसएसपी ने दिए सख्त निर्देश
जागरण मोर्चा कार्यालय
बदायूं। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में सोमवार को जिलाधिकारी अवनीश राय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने थाना दातागंज क्षेत्र के बेलाडान्डी घाट का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा आवागमन के मार्गों को सुचारु रखने के निर्देश दिए।
डीएम व एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध व प्रभावी ढंग से पूर्ण कर ली जाएं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
इस दौरान एडीएम अरुण कुमार, क्षेत्राधिकारी दातागंज आशेषनाथ सिंह, थाना प्रभारी वेदपाल सिंह सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।





