Home Breaking News सरकारी नौकरी का झांसा देकर 20 लाख की ठगी, 18 लोगों को...

सरकारी नौकरी का झांसा देकर 20 लाख की ठगी, 18 लोगों को बनाया शिकार

0
244

सरकारी नौकरी का झांसा देकर 20 लाख की ठगी, 18 लोगों को बनाया शिकार

खेल मंत्री और एसएसपी से करीबी संबंध बताकर जमाया विश्वास, फर्जी नियुक्ति पत्र देकर चार महीने तक कराई नौकरी

 

जागरण मोर्चा कार्यालय

बदायूं। बिसौली कोतवाली क्षेत्र में सरकारी नौकरी और स्पोर्ट्स कॉलेज में दाखिला दिलाने के नाम पर करीब 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति खुद को जिला समन्वयक अधिकारी बताकर और खेल मंत्री, एसएसपी समेत बड़े नेताओं व अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा कर लोगों को अपने जाल में फंसाता रहा। वर्ष 2023 से अब तक करीब 15 से 18 लोगों से ऑनलाइन और नकदी के माध्यम से लगभग 20 लाख रुपये ठगने का आरोप है। मामले में ग्राम विधानगला निवासी दानसिंह पुत्र भूपाल सिंह ने बिसौली कोतवाली में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

 

फर्जी नियुक्ति पत्र देकर कराई ड्यूटी

 

शिकायतकर्ता दानसिंह के मुताबिक, बिसौली के गांव परसिया निवासी शिशुपाल पुत्र हरीश चंद्र पाली से उसकी पुरानी दोस्ती थी। आरोप है कि शिशुपाल ने खेल मंत्री से पारिवारिक संबंध होने का हवाला देकर विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी, स्टेडियम में स्पोर्ट्स कोच, स्टाफ नर्स और स्पोर्ट्स कॉलेज में दाखिला दिलाने का भरोसा दिया। लोगों का विश्वास जीतने के लिए उसने कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति पत्र भी जारी किए। इतना ही नहीं, अमरोहा, बरेली, डोरीलाल स्टेडियम और बगरैन स्टेडियम में कुछ लोगों से करीब चार महीने तक काम भी कराया गया। जब उन्हें वेतन नहीं मिला और उन्होंने इस संबंध में पूछताछ की तो आरोपी टालमटोल करने लगा। इसके बाद कथित फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।

 

किसी से नौकरी तो किसी से दाखिले के नाम पर वसूली

 

शिकायत में जिन लोगों से रकम लेने का उल्लेख किया गया है, उनमें मुरादाबाद के मौसमपुर निवासी सौरभ कुमार से स्पोर्ट्स कोच की नौकरी के नाम पर 1.20 लाख रुपये, दानसिंह की पत्नी श्वेता से स्टाफ नर्स की नौकरी के नाम पर 3.50 लाख रुपये और दानसिंह से स्टेडियम में स्पोर्ट्स कोच का अधिकारी पद दिलाने के नाम पर 1.60 लाख रुपये लेने का आरोप है।

 

इसी तरह रामपुर के एचोरा निवासी उमेश कुमार से उनके 14 वर्षीय बेटे तरुण का गुरु गोविंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज, लखनऊ में कक्षा छह में दाखिला कराने के नाम पर तीन लाख रुपये लिए गए। इसमें 2.50 लाख रुपये ऑनलाइन और 50 हजार रुपये नकद दिए जाने की बात कही गई है। बिनावर क्षेत्र के सदुल्लापुर भितारा निवासी पुष्पाल से ब्लॉक स्तर पर स्पोर्ट्स कोच की नौकरी के नाम पर 1.50 लाख रुपये और बरेली के आंवला क्षेत्र के रेहगांव निवासी वीरेंद्र से स्टेडियम में चतुर्थ श्रेणी की नौकरी दिलाने के नाम पर 1.20 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया गया है।

 

पीड़ितों ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और ठगी गई रकम वापस दिलाने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here