Home Breaking News 208 वाहनों के चालान, 10 ओवरलोड वाहनों समेत बस सीज

208 वाहनों के चालान, 10 ओवरलोड वाहनों समेत बस सीज

0
38

208 वाहनों के चालान, 10 ओवरलोड वाहनों समेत बस सीज

 

परिवहन विभाग की कार्रवाई से मचा हड़कंप, पांच लाख रुपये प्रशमन शुल्क सरकारी खाते में जमा

 

जागरण मोर्चा कार्यालय

बदायूं। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग ने शनिवार और रविवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान इंटरसेप्टर के माध्यम से ओवरस्पीड समेत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 208 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। वहीं, खनन में संलिप्त ओवरलोड 10 वाहनों को सीज किया गया। कार्रवाई के बाद वाहन स्वामियों से पांच लाख रुपये प्रशमन शुल्क के रूप में सरकारी खाते में जमा कराए गए।

 

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन/प्रशासन) हरिओम ने बताया कि जिले में सर्वाधिक सड़क दुर्घटनाएं तेज गति और वाहन चालकों की लापरवाही के कारण होती हैं। इन्हें रोकने के लिए परिवहन विभाग लगातार प्रवर्तन अभियान चला रहा है।

 

अभियान के दौरान 122 वाहनों का ओवरस्पीड, 19 का बिना हेलमेट, 32 का बिना सीट बेल्ट, पांच का रॉन्ग साइड ड्राइविंग और 20 वाहनों का वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने के मामले में चालान किया गया। इसके अलावा खनन में संलिप्त 10 ओवरलोड वाहनों को कुंवरगांव और बिनावर थाने तथा उप संभागीय परिवहन कार्यालय बदायूं में सीज किया गया।

 

वहीं, अनधिकृत रूप से संचालित एक बस को भी उप संभागीय परिवहन कार्यालय में सीज किया गया। विभाग की कार्रवाई से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा।

 

एआरटीओ ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें। तेज गति से वाहन न चलाएं और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here