Home Breaking News कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, मंदिरों और यात्रा...

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, मंदिरों और यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण

0
11

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, मंदिरों और यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण

गौरी शंकर व दुग्धेश्वर नाथ मंदिर पहुंचे अधिकारी, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का निरीक्षण करते जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव एवं अन्य अधिकारी।

जागरण मोर्चा कार्यालय, पीलीभीत।
श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख शिवालयों, कांवड़ यात्रा मार्ग और श्रद्धालुओं के विश्राम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत गौरी शंकर मंदिर से हुई, जहां अधिकारियों ने जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और दर्शन की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने भीड़ नियंत्रण को प्रभावी बनाने तथा मंदिर परिसर में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद डीएम और एसपी ने दुग्धेश्वर नाथ मंदिर पहुंचकर सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मंदिर प्रबंधन एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं की आवाजाही के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे।
अधिकारियों ने मंडी स्थल का भी निरीक्षण किया, जहां बाहरी क्षेत्रों से आने वाले कांवड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल शौचालय, साफ-सफाई और विश्राम स्थलों को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों से लेकर शाही चौकी मार्ग तक संपूर्ण कांवड़ रूट का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि पूरे मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, मजबूत बैरिकेडिंग, नियमित साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी और पेयजल जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान नगर मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर, उप जिलाधिकारी सदर श्रद्धा सिंह, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here