Home Breaking News रामगंगा कटान से जरतौली बचाने को कांग्रेस का धरना समाप्त, काम शुरू...

रामगंगा कटान से जरतौली बचाने को कांग्रेस का धरना समाप्त, काम शुरू न हुआ तो 1 अगस्त से फिर आंदोलन

0
18

रामगंगा कटान से जरतौली बचाने को कांग्रेस का धरना समाप्त, काम शुरू न हुआ तो 1 अगस्त से फिर आंदोलन

जरतौली में कटान रोकने का आश्वासन, कांग्रेस ने चेताया—काम न शुरू हुआ तो हजरतपुर पुल पर अनिश्चितकालीन धरना

जागरण मोर्चा कार्यालय

बदायूं।
दातागंज तहसील क्षेत्र के जरतौली गांव को रामगंगा नदी के कटान से बचाने की मांग को लेकर कांग्रेस का धरना मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। बाद में प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर धरना समाप्त कर दिया गया।

धरनास्थल पर पहुंचे नायब तहसीलदार सतीश मिश्रा और बाढ़ खंड के सहायक अभियंता मनोज पटेल ने कांग्रेस पदाधिकारियों से वार्ता की। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष अजीत यादव ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपा। अधिकारियों ने कटान रोकने के लिए जल्द धरातल पर कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद कांग्रेसियों ने धरना समाप्त कर दिया।

ज्ञापन में मांग की गई है कि जरतौली गांव को कटान से बचाने के लिए तत्काल कार्य शुरू किया जाए, कटान से प्रभावित ग्रामीणों के मकानों व खेतों के नुकसान का मुआवजा दिया जाए तथा दातागंज क्षेत्र को बाढ़मुक्त बनाने के लिए मानपुर से सिमरिया और रूकुमपुर से भाऊ नगला तक करीब 30 किलोमीटर लंबा तटबंध बनाया जाए।

धरने को संबोधित करते हुए अजीत यादव ने आरोप लगाया कि प्रशासन और सरकार ने अब तक कटान रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। उन्होंने बताया कि गांव का प्राथमिक विद्यालय भी कटान की जद में है, जहां शौचालय और रसोईघर नदी में समा चुके हैं। वहीं पांच ग्रामीणों के मकान भी कटान में बह चुके हैं।

उन्होंने कहा कि हर वर्ष बाढ़ के कारण दातागंज क्षेत्र के दर्जनों गांवों का संपर्क टूट जाता है और किसानों की फसलें बर्बाद हो जाती हैं। इससे क्षेत्र के लोगों की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो 1 अगस्त से हजरतपुर पुल पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

धरने में कांग्रेस के जिला व ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here