जागरण मोर्चा कार्यालय
पीलीभीत। प्रदेश सरकार के नवनिर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय कार्यक्रम के सातवें दिन मंगलवार को मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, ब्लाॅक प्रमुख ललौरीखेडा अजय सिंह गंगवार एवं जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, श्रम विभाग, वन विभाग, पशुपालन एवं युवा कल्याण विभाग का संयुक्त आयोजन गांधी प्रेक्षागृह में किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार की नीतियों, उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य ने कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाऐं चलाई जा रही है। पात्र लोग इन योजनाओं का लाभ अवश्य उठाऐं। उन्होंने कहा कि सरकार का उददेश्य लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अन्तिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुचाना है ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार लाया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य सन् 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए प्रत्येक नागरिक का आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर होना आवश्यक है, इसके लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाऐं चलाई जा रही हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, इस योजना के अन्तर्गत अपना उद्यम स्थापित करने के लिए सरकार द्वारा बिना किसी गारण्टी के 5 लाख रूपये का लोन दिया जा रहा है। इस योजना के माध्यम से सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से दुर्बल वर्ग को सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से प्रबल होने के लिए अपना घर व अपना रोजगार होना आवश्यक है। सरकार इन्हीं नीतियों पर कार्य कर रही हैं, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के द्वारा आवास विहीन लोगों को आवास उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में अब गोबर से विभिन्न उत्पादों के अलावा तरल उर्वरक बनाने के दिशा में कार्य किया जा रहा है। आयोजित कार्यक्रम में शाइक निवासी ग्राम टण्डोला पूरनपुर ने कुकुक्ट पालन में अपनी सफलता की कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि कुकुक्ट विकास नीति के अन्तर्गत कुकुक्ट पालन कर रहे हैं तथा 40 लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं। कार्यक्रम के अन्त में मा जिलाध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख ललौरीखेड़ा एवं जिलाधिकारी ने दिव्यांगजनों को 32 ट्राइसाईकिल, 18 जोड़ी बैसाखी, 12 व्हीलचेयर, 5 श्रवणयंत्र, 12 लैप्रोसी किट व 11 एमआर किटों का वितरण किया गया है। श्रम विभाग के अन्तर्गत संचालित विभिन्न योजना के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किये। युवक मंगलदलों, महिला मंगल दल के सदस्यों को स्वामी विवेकानन्द यूथ आवर्ड प्रदान किया गया। इसके साथ ही बेहतर ड्यूटी एवं टर्नआउट के अन्तर्गत पीआरडी जवान शाहमत खां को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रदर्शनी में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, उद्यान विभाग, मत्स्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, सूचना विभाग स्टाल, मिशन शक्ति द्वारा स्टाल लगाए गए। जिलाध्यक्ष एवं जिलाधिकारी ने स्टालों का भ्रमण कर जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के दौरान जिला मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, सहायक निबन्धक सहकारिता, जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी, जिला श्रम प्रवर्तन अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।







