बिसौली में युवती हत्याकांड का खुलासा, पति समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
गला घोंटकर हत्या के बाद शव गटर में फेंका, साक्ष्य मिटाने की कोशिश
जागरण मोर्चा कार्यालय
बिसौली। थाना बिसौली पुलिस ने युवती हत्याकांड का खुलासा करते हुए पति सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त गमछा, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम रसूलपुर पुट्ठी निवासी राजवीर सिंह यादव ने अपनी पुत्री के 1/2 जून की रात से लापता होने की सूचना 9 जुलाई को थाना बिसौली में दर्ज कराई थी। जांच के दौरान गुमशुदगी को हत्या के मुकदमे में तब्दील करते हुए केस दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार मिश्र की टीम ने मामले की गहन जांच की। विवेचना में सामने आया कि युवती की हत्या उसके पति जय सिंह यादव ने अपने भाई चंद्रपाल और भांजे विजय यादव उर्फ छोटू के साथ मिलकर की थी।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 1/2 जून की रात घर के कमरे में युवती का गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को आंगन के गटर में छिपा दिया। घटना के बाद साक्ष्य मिटाने का प्रयास भी किया गया। इसी दौरान चंद्रपाल ने खेत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी जय सिंह यादव, रामभान यादव और चंदेले यादव उर्फ झब्बड़ को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से टूटी चूड़ियों के टुकड़े, रस्सी, पायल, बिछुए, जली लकड़ी, फावड़ा, तसला, बाल्टी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त गमछा व मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में धारा 61(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।





