Home Breaking News अघोषित बिजली कटौती से शेरपुर कलां में उबाल, हजारों ग्रामीणों ने बिजलीघर...

अघोषित बिजली कटौती से शेरपुर कलां में उबाल, हजारों ग्रामीणों ने बिजलीघर घेरा

0
103

अघोषित बिजली कटौती से शेरपुर कलां में उबाल, हजारों ग्रामीणों ने बिजलीघर घेरा

 

ज्ञापन देते उपभोक्ता व लोगों का हुजूम।

जागरण मोर्चा कार्यालय

शेरपुर कलां। लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और बदहाल विद्युत आपूर्ति के खिलाफ बुधवार को शेरपुर कलां समेत आसपास के ग्रामीण इलाकों में आक्रोश फूट पड़ा। जटपुरा, गजरौला, लाह सहित कई गांवों से हजारों की संख्या में आक्रोशित ग्रामीण आसाम रोड स्थित बिजलीघर पर पहुंच गए। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

 

ग्रामीणों का आरोप था कि दिन हो या रात, घंटों बिजली गुल रहती है और बिजली आने-जाने का कोई निर्धारित समय नहीं है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार कटौती से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से लोग रातें जागकर काटने को मजबूर हैं।

 

प्रदर्शन का नेतृत्व सलमान खान, नदीम खान, हसीब खान, बंटी जटपुरा और पूर्व प्रधान विपिन सिंह सहित अन्य लोगों ने किया। आक्रोशित ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग उठाई।

 

मौके की स्थिति को देखते हुए कोतवाली निरीक्षक भी बिजलीघर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। बाद में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन जेई प्रभारी सर्वेश सिंह को सौंपा। जेई ने समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया।

 

ग्रामीणों का कहना है कि 24 घंटे में महज कुछ ही घंटे बिजली मिल रही है। वह भी कब आएगी और कब चली जाएगी, इसका कोई भरोसा नहीं है। रात के समय बिजली कटौती होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं बुजुर्गों और बीमार लोगों को गर्मी में परेशानी उठानी पड़ रही है।

 

बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर रोजमर्रा की जिंदगी के साथ छोटे कारोबार पर भी पड़ रहा है। दुकानदारों और कारीगरों का काम प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक बिजली न मिलने से पानी की टंकियां भी नहीं भर पा रही हैं, जिससे पेयजल संकट की स्थिति बनने लगी है।

 

ग्रामीणों का आरोप है कि विद्युत आपूर्ति में सुधार के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने विभाग पर कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए जल्द व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।

 

समाचार लिखे जाने तक बड़ी संख्या में ग्रामीण बिजलीघर पर डटे हुए थे और विद्युत आपूर्ति में तत्काल सुधार की मांग कर रहे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here