Home Breaking News पीलीभीत का एसएस हॉस्पिटल फिर विवादों में, मरीज के कुंडल चोरी का...

पीलीभीत का एसएस हॉस्पिटल फिर विवादों में, मरीज के कुंडल चोरी का आरोप, सीसीटीवी में कैद, डीएम ने बैठाई जांच

0
11

पीलीभीत का एसएस हॉस्पिटल फिर विवादों में, मरीज के कुंडल चोरी का आरोप, सीसीटीवी में कैद, डीएम ने बैठाई जांच

पीलीभीत। शहर के चर्चित एसएस हॉस्पिटल एक बार फिर गंभीर आरोपों के चलते सुर्खियों में आ गया है। इस बार मामला मानवता को झकझोर देने वाला है, जहां एक महिला मरीज के सोने के कुंडल चोरी होने का आरोप अस्पताल के स्टाफ पर लगा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम रम्पुरिया सिरसा निवासी राहुल पुत्र बाबूराम ने जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह को शिकायती पत्र देकर बताया कि वह 10 अप्रैल 2026 को अपनी गंभीर रूप से बीमार मां को एसएस हॉस्पिटल में भर्ती कराने लाया था। आरोप है कि भर्ती के दौरान अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड ने उनकी मां के कानों से सोने के कुंडल निकाल लिए।

पीड़ित का दावा है कि यह पूरी घटना अस्पताल के गेट पर लगे CCTV कैमरा नंबर 9 में 10 अप्रैल की शाम 8:26 बजे कैद हुई है। राहुल ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने इस मामले की शिकायत अस्पताल प्रबंधन से की, तो न केवल उसकी बात को नजरअंदाज किया गया बल्कि मरीज का इलाज अधूरा छोड़कर उसे अस्पताल से बाहर निकाल दिया गया।

और भी गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़ित ने बताया कि ICU स्टाफ द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और यहां तक कहा गया कि “मरीज का ऊपर जाने का समय आ गया है।” विरोध करने पर अस्पताल प्रशासन ने धमकियां देकर उन्हें अस्पताल से बाहर कर दिया।

पीड़ित ने पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी से करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने जांच के आदेश देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएस हॉस्पिटल पहले भी कई बार विवादों में रह चुका है और इस तरह की घटनाएं अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं।अब देखना यह होगा कि जांच के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई होती है और क्या मरीजों की सुरक्षा को लेकर कोई ठोस कदम उठाए जाते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here