0
16

जनशिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: एसएसपी

जागरण मोर्चा कार्यालय

बदायूं। जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर एसएसपी अंकिता शर्मा ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी थाना प्रभारियों के साथ गोष्ठी की। उन्होंने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनने तथा नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने कहा कि जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े। आईजीआरएस, जनसुनवाई, मुख्यमंत्री संदर्भ और पीजी पोर्टल समेत विभिन्न माध्यमों से मिलने वाली शिकायतों का निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। साथ ही शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को प्रत्येक थाने के शीर्ष 10 भूमि विवादों की सूची तैयार कर उनके समाधान के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इन मामलों की निगरानी संबंधित क्षेत्राधिकारी करेंगे। जरूरत पड़ने पर एसडीएम के साथ समन्वय स्थापित कर पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई कराई जाएगी, जिससे भूमि विवादों के कारण उत्पन्न होने वाली कानून-व्यवस्था की समस्याओं को रोका जा सके।

उन्होंने पारिवारिक विवादों में दोनों पक्षों की बात सुनकर आपसी संवाद और समन्वय से समाधान कराने पर भी जोर दिया। एसएसपी ने थाना प्रभारियों को आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here